रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद में व्यापारियों की सुरक्षा और बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम कसने के लिए सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में अहम व्यापारी सुरक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ और नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने की। गोष्ठी में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों, पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग और यातायात पुलिस के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में व्यापारियों ने सुरक्षा, बाजार क्षेत्रों में गश्त, ट्रैफिक व्यवस्था और रात्रि सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं खुलकर रखीं। पुलिस अधीक्षक अपराध ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने साफ कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बाजारों में नियमित गश्त और चेकिंग बढ़ाई गई है, लेकिन व्यापारियों को भी सतर्क रहना होगा।
गोष्ठी में व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने, कैमरों की दिशा मुख्य मार्गों की ओर रखने, बाजारों में सामूहिक सुरक्षा गार्ड तैनात करने, रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और नकदी लेन-देन के दौरान स्थानीय पुलिस को सूचित करने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए व्यापारियों को ऑनलाइन फ्रॉड के नए तरीकों से आगाह किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या बैंक डिटेल मांगने वाले संदेश पर भरोसा न करें और ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
बैठक में पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों और साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

