दतियाना में अंबेडकर प्रतिमा का अनावरण, सामाजिक समरसता का दिया संदेश

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। विकासखंड सदर के ग्राम दतियाना स्थित अंबेडकर भवन परिसर में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का विधिवत अनावरण एवं स्थापना कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने की, जबकि उन्होंने ही मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिमा का अनावरण भी किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय की स्थापना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने भारतीय समाज को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने आगे कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा रचित भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को अधिकार और सम्मान प्रदान करता है, इसलिए हमें उनके आदर्शों पर चलकर समाज में समानता और भाईचारे को और अधिक सुदृढ़ करना चाहिए।


मंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके आदर्शों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
इस मौके पर राष्ट्रीय लोकदल के मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, ग्राम प्रधान चंद्रबोस, सुनील कुमार, मास्टर धर्मवीर, राजकुमार, बीडीसी सदस्य, संजीब, सोनू चौधरी, योगेंद्र कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *