रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के अवसर पर मंगलवार को जनपद में शहीद फायर कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का व्यापक अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन्स से अग्निशमन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ज्ञात हो कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया बंदरगाह पर एक मालवाहक जहाज में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में आग पर काबू पाने के दौरान फायर सर्विस के 66 बहादुर कर्मी शहीद हो गए थे। उन्हीं की स्मृति में हर वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस मनाया जाता है।
इसी कड़ी में आयोजित रैली रिजर्व पुलिस लाइन्स से शुरू होकर भोपा रोड, टिकैत चौक, महावीर चौक, मीनाक्षी चौक और मालवीय चौक समेत शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई फायर स्टेशन पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के दौरान आमजन को अग्नि सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया और आग से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अग्निशमन कर्मियों का साहस और समर्पण समाज के लिए प्रेरणा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे आग से बचाव के उपायों को अपनाएं और सतर्कता बरतें, जिससे हादसों को रोका जा सके।
वहीं, 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक जनपद में अग्नि सुरक्षा सप्ताह भी मनाया जा रहा है। इस दौरान जागरूकता रैली, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता, मॉक ड्रिल और जनसंवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष का थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज—आग की रोकथाम के लिए एक साथ” निर्धारित किया गया है। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, बहुमंजिला भवनों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित पुलिस व अग्निशमन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

