स्कूली वाहन में लगी आग से मचा हड़कंप, चार बच्चे और चालक झुलसे, स्कूल प्रबंधक गिरफ्तार

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम समसो में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आशीष इंग्लिश एकेडमी का स्कूली वाहन अचानक आग की लपटों में घिर गया। वाहन में सवार मासूम बच्चों की चीख-पुकार से मौके पर हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि घटना में चार बच्चे और चालक झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, स्कूल वाहन बच्चों को लेकर जा रहा था, तभी अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। सूचना मिलते ही थाना पुरकाजी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। तत्पश्चात घायल बच्चों और चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने जले हुए वाहन को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है और मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने स्कूल प्रबंधक बालाकिशन पुत्र लुईस, निवासी केरल (हाल निवासी झबरपुर, पुरकाजी) को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन स्वयं थाना पुरकाजी पहुंचे और जले हुए वाहन का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे मामले की गहन जानकारी लेकर अधिकारियों को निष्पक्ष और प्रभावी जांच के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर स्कूल वाहनों की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों में घटना को लेकर चिंता और आक्रोश व्याप्त है। प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *