Headlines

ईख के खेत में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, शातिर साबिर गिरफ्तार

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पंचायत चुनाव से पहले अवैध असलाह के बड़े नेटवर्क पर प्रहार करते हुए बुढ़ाना पुलिस ने ईख के खेत में संचालित हो रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से एक शातिर अभियुक्त साबिर को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में बने-अधबने हथियार और उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 3 अप्रैल को बुढ़ाना पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि क्राउन पब्लिक स्कूल के आगे मंदवाड़ा जाने वाले कच्चे रास्ते पर ईख के खेत में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान साबिर पुत्र शब्बीर निवासी ग्राम पिठलौखर, थाना सरधना जनपद मेरठ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 बंदूक 12 बोर, 315 बोर के पौनिया, तमंचे, 12 अधबने हथियारों के पार्ट्स, जिंदा कारतूस और शस्त्र निर्माण में प्रयुक्त ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, स्प्रिंग समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर अवैध असलाह बनाने का धंधा करता है और जगह बदल-बदलकर काम करता है। ग्राहक की मांग के अनुसार हथियार तैयार कर ऊंचे दामों में बेचता है। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि पंचायत चुनाव को देखते हुए अवैध असलाह की मांग बढ़ने के कारण वह पहले से स्टॉक तैयार कर रहा था।
पुलिस के अनुसार साबिर एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ मेरठ, बागपत और गाजियाबाद जनपदों में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और चोरी जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 147/2026 धारा 5/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके फरार साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *