रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद में सूजडू चुंगी स्थित स्वाधीनता चौक से सम्राट अशोक के प्रतीक चिन्ह हटाए जाने और ‘वीर अब्दुल हमीद चौक’ का नाम बदलने के मुद्दे ने सियासी रंग पकड़ लिया है। अपनी जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस मामले को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा है।
ज्ञापन में पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि स्वाधीनता चौक से भारत सरकार के राजचिन्ह, जो सम्राट अशोक के गौरव का प्रतीक है, को हटाकर उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाई गई है। साथ ही, ‘वीर अब्दुल हमीद चौक’ का नाम बदलना भी एक शहीद सैनिक के सम्मान के साथ खिलवाड़ बताया गया है।
पार्टी के जिला अध्यक्ष मु. अलीम सैलानी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि यह कदम न केवल ऐतिहासिक विरासत के साथ छेड़छाड़ है, बल्कि देश की एकता और अखंडता पर भी सवाल खड़े करता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि स्वाधीनता चौक का पुनर्निर्माण कर वहां सम्राट अशोक का प्रतीक चिन्ह यथावत स्थापित किया जाए।
इसके साथ ही पार्टी ने मांग की कि ‘वीर अब्दुल हमीद चौक’ का नाम पूर्ववत रखा जाए, ताकि देश के शहीद सैनिक का सम्मान बना रहे। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।
ज्ञापन देने वालों में प्रदेश महासचिव प्रभारी सहारनपुर मंडल आशा सैनी, शिव कुमार सैनी, परमानंद, आत्माराम, सुभाषचंद सौनी, प्रभात कुमार समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

