रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जिले में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को गति देने के लिए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सख्त रुख अपनाते हुए बैंक और विद्युत विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी आवास स्थित न्यू मीटिंग हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना की प्रगति, समस्याओं और उनके त्वरित समाधान पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाभार्थियों को लोन स्वीकृति की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी न हो और सभी प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि योजना का लाभ आमजन तक पहुंचाने में बैंकिंग प्रक्रिया बाधा नहीं बननी चाहिए।
वहीं, विद्युत विभाग से जुड़ी समस्याओं—जैसे सत्यापन रिपोर्ट, नेट मीटरिंग स्थापना, तकनीकी कॉन्फिगरेशन और बिलों में आ रही त्रुटियों—पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जेई, एसडीओ और अधिशासी अभियंता तत्काल समन्वय स्थापित कर सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करें। इसके लिए आज ही जूम मीटिंग आयोजित कर कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही अग्रणी जिला प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि वह प्रत्येक सप्ताह बैंक अधिकारियों और वैण्डरों के साथ बैठक कर प्रगति की नियमित समीक्षा करें।
बैठक में वैण्डरों की कार्यप्रणाली पर भी जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाई। उन्होंने सभी वैण्डरों को प्रतिदिन कम से कम दो सोलर संयंत्र स्थापित करने के निर्देश दिए और जो वैण्डर कार्य में रुचि नहीं दिखा रहे हैं, उन्हें तत्काल ब्लैकलिस्ट करने के आदेश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने सभी संबंधित विभागों—बैंक, विद्युत विभाग, वैण्डर्स और परियोजना अधिकारियों—को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने की सलाह दी, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
जिले में योजना की प्रगति की बात करें तो अब तक 17,352 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 14,985 वैण्डर चयनित हो चुके हैं। 8,810 लाभार्थियों के यहां सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 7,643 लाभार्थियों को अनुदान भी प्राप्त हो चुका है। अधिकारियों का कहना है कि वैण्डरों द्वारा किए जा रहे प्रचार-प्रसार से योजना की रफ्तार लगातार बढ़ रही है।

