रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। जनपद के देवकली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा धरवा में ग्राम पंचायत के कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता और नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। यहां ग्राम प्रधान पति के भतीजे के खाते में मजदूरी के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान किए जाने का आरोप लगा है। साथ ही स्ट्रीट लाइट के कार्यों में भी गोलमाल की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में शासन द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि किसी भी ग्राम प्रधान, प्रधान प्रतिनिधि या उनके परिवार से जुड़े व्यक्तियों के खाते में किसी भी प्रकार का सरकारी भुगतान नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद ग्राम प्रधान और सचिव की कथित मिलीभगत से नियमों को दरकिनार करते हुए प्रधान पति के भतीजे के खाते में भुगतान करा दिया गया।
मामले को लेकर जब ग्राम प्रधान से बातचीत करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने पहले कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। हालांकि बाद में कैमरे पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश राम ने स्वीकार किया कि गलती हुई है और उनके भतीजे के खाते में भुगतान किया गया है।
इस खुलासे के बाद गांव में चर्चा का माहौल गर्म है और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि इस तरह नियमों का उल्लंघन होता रहा, तो विकास कार्यों की पारदर्शिता पर सवाल उठना लाजिमी है।
अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

