रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में मतदाता सूची की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने को लेकर भारत निर्वाचन आयोग सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में आयोग द्वारा नियुक्त रोल प्रेक्षक एवं अपर आयुक्त (प्रशासन), सहारनपुर मंडल सहारनपुर श्री रमेश चंद्र ने मंगलवार को जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) के साथ बैठक कर द्वितीय भ्रमण चेकलिस्ट के 12 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन समीक्षा की।
बैठक में नोटिस वितरण और उनकी सुनवाई की प्रक्रिया पर संतोष जताते हुए बताया गया कि जनपद में कुल 4,63,305 नोटिस जारी किए गए थे, जिनकी सुनवाई पूरी कर ली गई है। यह कार्य समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा किया गया, जिसकी प्रेक्षक ने सराहना की।
समीक्षा के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि जनपद में फार्म-6 के 1,34,377, फार्म-6ए के 45, फार्म-7 के 9,782 तथा फार्म-8 के 41,723 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदनों का गुणवत्ता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
हालांकि, रोल प्रेक्षक ने ईपी रेशियो, जेंडर रेशियो और आयु वर्ग (एज कोहार्ट) के आंकड़ों को आयोग के मानकों से कम बताते हुए अधिकारियों को दोबारा विश्लेषण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन महत्वपूर्ण मानकों में सुधार के लिए ठोस रणनीति अपनानी होगी।
बैठक में ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ कार्यक्रम की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया, वहीं एनजीएसपी पोर्टल पर कोई शिकायत लंबित न होने पर सभी ईआरओ की प्रशंसा की गई।
प्रेक्षक ने मतदाता सूची में फोटो की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि सभी अस्पष्ट फोटोग्राफ को तत्काल बदला जाए। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में मतदाताओं के नामों की दोहरी प्रविष्टि रोकने के लिए सख्त जांच करने को कहा गया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों को दोबारा घर-घर सर्वे कराने और पूरी प्रक्रिया में मल्टीलेयर चेकिंग लागू करने के निर्देश दिए।
ईआरओ नेट पर स्वीकृत और अस्वीकृत फार्मों की जांच के दौरान प्रेक्षक ने सुझाव दिया कि यदि कोई फार्म डुप्लीकेट होने के कारण अस्वीकृत होता है, तो उसमें संबंधित मतदाता का एपिक नंबर अपलोड या उल्लेख अवश्य किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी मुख्यालय राहल देव भट्ट, एसडीएम सदर प्रवीण द्विवेदी, एसडीएम जानसठ राजकुमार, एसडीएम बुढ़ाना कृष्णकांत विश्वकर्मा, एसडीएम खतौली डॉ. ललित मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जनपद में मतदाता सूची को लेकर चल रही इस सख्ती से स्पष्ट है कि आगामी चुनावों को निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

