रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त पहल करते हुए मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन में “रन फॉर शक्ति” वूमेन मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा माहौल उत्साह और ऊर्जा से सराबोर नजर आया, जहां महिला पुलिसकर्मियों और प्रशिक्षु आरक्षियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपने हौसले और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
मैराथन को पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं में न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि समाज में सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता भी सुदृढ़ होती है।
मैराथन रिजर्व पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः पुलिस लाइन में आकर संपन्न हुई। पूरे रास्ते प्रतिभागियों में जोश और उमंग देखने लायक रहा। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी कार्यालय की सुश्री ऋषिका सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
इस आयोजन के जरिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सतत प्रयास है। आने वाले समय में भी मिशन शक्ति के तहत ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से समाज में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।

