रात्रिकालीन चेकिंग अभियान में ओवरलोडिंग पर बड़ी कार्रवाई, 10 वाहनों पर ₹1,74,750 का जुर्माना

Spread the love

जिलाधिकारी के निर्देशन में प्रशासन सख्त, यातायात नियमों के उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस

रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशन में रात्रिकालीन विशेष सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य ओवरलोडिंग, अनधिकृत परिवहन तथा अन्य यातायात उल्लंघनों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।
अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर सघन जांच की गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा वाहनों के प्रपत्रों, भार क्षमता, परमिट एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहनता से जांच की गई।
जांच के दौरान ओवरलोडिंग करते हुए 10 वाहन पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए कुल ₹1,74,750 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत दिया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ओवरलोडिंग से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है तथा यह सड़क अवसंरचना को भी गंभीर क्षति पहुंचाती है। ऐसे में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि इस प्रकार के प्रवर्तन अभियान निरंतर, योजनाबद्ध एवं प्रभावी रूप से संचालित किए जाएं, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके तथा आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा ओवरलोडिंग जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें, जिससे सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेl

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *