रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में सड़क सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। छपार थाना क्षेत्र में सरेआम जानलेवा स्टंटबाजी कर सोशल मीडिया पर वीडियो डालना दो युवकों को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों स्टंटबाजों को गिरफ्तार कर उनकी मोटरसाइकिल सीज कर दी।
जानकारी के अनुसार बरला-बसेड़ा मार्ग पर दो युवक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर खतरनाक करतब दिखाते नजर आए। ये स्टंट न केवल उनकी अपनी जान के लिए जोखिम भरा था, बल्कि सड़क पर गुजर रहे अन्य लोगों की सुरक्षा को भी खुलेआम खतरे में डाल रहा था। स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर और थानाध्यक्ष छपार मोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वीडियो के आधार पर दोनों युवकों की पहचान सुनिश्चित की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान वसीम पुत्र नसीम निवासी हजारा ग्रांट (जनपद हरिद्वार) और जुनैद पुत्र अनीस निवासी बसेड़ा (थाना छपार, मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने स्टंट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है और आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

