रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। रामनवमी के पावन अवसर पर जनपद में आस्था और सामाजिक सरोकार का अनूठा संगम देखने को मिला। मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में न केवल विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया, बल्कि महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर सशक्त संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, उनकी धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय, नगर पालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप तथा पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने मंदिर प्रांगण में 151 कन्याओं और 20 लांगूरों का विधिवत पूजन कर उन्हें उपहार भेंट किए। इस दौरान बालिकाओं के सम्मान के साथ समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश गूंजता रहा।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पहलू जागरूकता अभियान रहा, जिसमें उपस्थित बालिकाओं और उनके अभिभावकों को लघु फिल्म के जरिए “गुड टच-बैड टच” और महिला सुरक्षा से जुड़े अहम पहलुओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी विपरीत परिस्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने से संकोच नहीं करना चाहिए।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी जानसठ रूपाली राय चौधरी समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद में लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़े और वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।
पुलिस के इस प्रयास से यह संदेश स्पष्ट हुआ कि सुरक्षा और सम्मान के साथ ही समाज में विश्वास का माहौल मजबूत किया जा सकता है, और यही मिशन शक्ति का मूल उद्देश्य भी है।

