Headlines

सिकरी माता के दरबार में नतमस्तक हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल, प्रदेश की तरक्की और खुशहाली की मांगी दुआ

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर,मोदीनगर। प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपने मोदीनगर प्रवास के दौरान आस्था और श्रद्धा का परिचय देते हुए परिवारजनों संग माँ सिकरी माता के पावन दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर पहुंचकर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य व खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में पूजा के दौरान मंत्री ने माता के श्रीचरणों में पुष्प अर्पित कर प्रदेश की उन्नति और विकास के लिए आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि माँ सिकरी माता का यह प्राचीन मंदिर न केवल क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं भी पूर्ण होती हैं। सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद को माता अवश्य पूरा करती हैं।
मंत्री ने मंदिर परिसर में व्याप्त आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर मन को अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पवित्र स्थलों से समाज को नई दिशा और ऊर्जा मिलती है, जो जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होती है।
इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद स्थानीय श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया। दर्शन के बाद मंत्री ने उपस्थित लोगों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और क्षेत्र की समृद्धि की कामना की।
अंत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रार्थना की कि माँ सिकरी माता की कृपा सभी प्रदेशवासियों पर बनी रहे और उत्तर प्रदेश निरंतर विकास और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *