Headlines

खतौली तहसील में समाधान दिवस: डीएम-एसएसपी सख्त, 26 में से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। खतौली तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ जनसमस्याओं की सुनवाई की। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों ने मौके पर मौजूद विभागीय कर्मियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समयसीमा में उनका निस्तारण किया जाए। विशेष रूप से महिला अपराध से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने इस दौरान साइबर अपराध और ठगी के बढ़ते मामलों पर भी चिंता जताई और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने आमजन को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कैंपों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने उप जिलाधिकारी और तहसीलदार खतौली को लंबित मामलों पर सख्त रुख अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी वाद पेंडिंग न रखा जाए और धारा-34 के सभी अवशेष मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस में कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए गए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार खतौली समेत अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *