Headlines

निजी अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग का अचानक शिकंजा, औचक निरीक्षण में व्यवस्थाओं की ली गई कड़ी परीक्षा

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में सोमवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय कुमार ने रुड़की रोड स्थित दो निजी अस्पतालों पर अचानक छापा मारते हुए व्यवस्थाओं की हकीकत जांची।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में किए गए इस औचक निरीक्षण के दौरान डिवाइन हॉस्पिटल और गंगा हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया। निरीक्षण के दौरान मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाएं, साफ-सफाई, सुरक्षा इंतजाम और रिकॉर्ड मेंटेनेंस की गहन समीक्षा की गई।
जांच में दोनों अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से संचालित मिले, जिस पर डिप्टी सीएमओ ने संतोष जताया। साथ ही निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के लिए सीसीटीवी सिस्टम का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
फायर सेफ्टी, बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सभी जरूरी प्रमाण पत्र भी अद्यतन पाए गए। अस्पतालों के लाइसेंस और पंजीकरण संबंधी दस्तावेज भी व्यवस्थित रूप से रखे मिले, जिस पर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान पंजीकृत चिकित्सक डॉ. वर्षा और डॉ. पूर्णिमा ड्यूटी पर मौजूद मिलीं। डिप्टी सीएमओ ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार देना ही स्वास्थ्य सेवाओं का मूल उद्देश्य होना चाहिए।
हालांकि, उन्होंने अस्पताल प्रशासन को चेताया कि साफ-सफाई, दस्तावेजों के रखरखाव और आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए कि मरीजों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक संसाधन हर समय उपलब्ध रहें।
डॉ. अजय कुमार ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के स्टेनो दीपक कुमार भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *