नशे की बड़ी खेप पर पुलिस का शिकंजा, 20 किलो गांजा संग दो तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा मराज्जो कार बरामद की है। बरामद गांजे की कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विपिन उर्फ काली (निवासी शामली/हरिद्वार) और वसीम (निवासी हरिद्वार) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय थे और अंतरजनपदीय स्तर पर गांजे की सप्लाई करते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वसीम के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके आपराधिक इतिहास का पता चलता है। वहीं दूसरे आरोपी विपिन के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब इनके नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया और किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जानी थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह के अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *