कार से भागे, खेत में फंसे… फायरिंग के बाद दबोचे गए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के 4 सदस्य

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जो चोरी की क्रेटा कार में सवार होकर भागने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 10 मार्च को गांधी कॉलोनी निवासी प्रीति नारंग ने अर्पाग बैंक्वेट हॉल से अपनी क्रेटा कार चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम को बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन बदमाशों ने गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास किया।
तेज रफ्तार के चलते कार खेत में जा फंसी, जिसके बाद चारों बदमाश वाहन छोड़कर पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई पुलिसकर्मी हताहत नहीं हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की क्रेटा कार, दो तमंचे, चार जिंदा और दो खोखा कारतूस, एक फर्जी आरसी, एक एलन-की और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में बदमाशों ने स्वीकार किया कि वे उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत अन्य राज्यों में वाहन चोरी कर नंबर प्लेट बदलकर उन्हें बेचते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय तोमर, आस मोहम्मद उर्फ पप्पू उर्फ बकरा, अरुण उर्फ पिंटू और तोहसीफ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इन पर विभिन्न राज्यों में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिससे इनके संगठित अपराध नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
थाना सिविल लाइन प्रभारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *