गेस्ट हाउस में बारातियों के दो गुट भिड़ेमारपीट का वीडियो आया सामने

Spread the love

रिपोर्ट – हरीश

हमीरपुर। बीती रात एक गेस्ट हाउस के बाहर बारातियों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई के साथ पथराव भी हुआ और कुर्सियां तक फेंकी गईं। विवाद के समय मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
शनिवार रात सदर कोतवाली क्षेत्र के अमिरता गांव से नितेश निषाद की बारात मुख्यालय में अमन शहीद स्थित पूजा गेस्ट हाउस पहुंची थी। बारात के दौरान लगभग रात 12 बजे कुछ बारातियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान गेस्ट हाउस के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल की। सोशल मीडिया सेल के माध्यम से पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण के संबंध में किसी भी पक्ष से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जानकारी देते हुये बताया कि बीती रात लगभग 12.15 बजे पूजा गेस्ट हाउस मोहल्ला अमन शहीद में नितेश निषाद पुत्र रामखिलावन निवासी ग्राम अमिरता की बारात आई थी। जिसका विवाह रोशनी निषाद पुत्री स्व. राजेंद्र निषाद निवासी मोहल्ला कजियाना के साथ होना था। इसी दौरान कुछ बारातियों के बीच आपसी वाद-विवाद में कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं और उनके द्वारा अपना-अपना उपचार करा लिया गया। वैवाहिक कार्यक्रम सकुशल सम्पन्न हो गया। तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *