रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में वामा सारथी मुजफ्फरनगर की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों, पुलिस परिवार की बेटियों तथा पुलिस मॉडर्न स्कूल की शिक्षिकाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और पुलिस परिवार की महिलाओं व बेटियों का मनोबल बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में वामा सारथी मुजफ्फरनगर की नोडल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी जानसठ रूपाली राव और क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार की बेटियों और पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। छात्राओं के नृत्य और गीतों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और सेवा भावना के लिए स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही पुलिस परिवार की उन बेटियों को भी मंच पर सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, खेलकूद और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है। पुलिस मॉडर्न स्कूल की शिक्षिकाओं को भी शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और समाज के विकास में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और शासन द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित पुलिस परिवार की महिलाएं और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

