Headlines

संपूर्ण समाधान दिवस में 178 शिकायतें प्राप्त, 22 का मौके पर निस्तारण

Spread the love

तहसील खागा में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी व लाभ

शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व सहित 20 से अधिक विभागों की रही सहभागिता

रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को तहसील खागा के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह के संयुक्त नेतृत्व में जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 25 दिव्यांग प्रमाण पत्र के आवेदन प्राप्त हुए। समाज कल्याण विभाग से 3 आवेदन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से 3 पेंशन एवं 4 सहायक उपकरण, स्वच्छ भारत मिशन से 2 आवेदन, गोल्डन कार्ड के तहत 5 केवाईसी, होम्योपैथिक विभाग द्वारा 50 लोगों को दवा वितरण किया गया। वहीं जिला पूर्ति विभाग से यूनिट बढ़ाने एवं नए राशन कार्ड के लिए 25 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त विद्युत विभाग से 5 प्रकरण, महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत निराश्रित महिला पेंशन एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से संबंधित आवेदनों पर भी कार्रवाई की गई। इस समाधान दिवस में शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, राजस्व, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, वृद्धा, दिव्यांग एवं निराश्रित महिला पेंशन, कृषि, सिंचाई, नलकूप, मनरेगा, उद्यान, चकबंदी, जिला पूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 178 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अवश्य मिले। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी खागा, क्षेत्राधिकारी खागा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *