Headlines

मिशन शक्ति केंद्र कर्मियों को दिया गया दो दिवसीय प्रशिक्षण

Spread the love

दूसरे दिन भी चला प्रशिक्षण सत्र

रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति केंद्रों के कर्मियों को दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को प्रशिक्षण के दूसरे दिन पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में विस्तृत प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी खागा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान मिशन शक्ति केंद्रों में कार्यरत सभी कर्मियों को आईगॉट पोर्टल पर अपलोड की गई 21 प्रशिक्षण वीडियो दिखाकर योजनाबद्ध तरीके से जानकारी दी गई। इन वीडियो के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, शिकायत निस्तारण, संवेदनशील मामलों में व्यवहार, पीड़िताओं से संवाद की प्रक्रिया, त्वरित सहायता एवं समन्वय से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। इसके साथ ही स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एस ओ पी) पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियां, रिपोर्टिंग सिस्टम तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय के बिंदुओं को स्पष्ट किया गया। अधिकारियों ने कर्मियों को यह भी बताया कि किसी भी आपात या संवेदनशील स्थिति में किस प्रकार त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मिशन शक्ति केंद्रों के कर्मियों को नवीनतम जानकारी, तकनीकी दक्षता और व्यवहारिक कौशल से सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया और उनके अनुभवों को साझा कर आपसी संवाद को प्रोत्साहित किया गया।
पुलिस प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों से मिशन शक्ति अभियान को और मजबूती मिलेगी तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सहायता और विश्वास का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *