करणी सेना प्रकरण में सिविल लाइन थाने पर सियासी संग्राम, हिंदू संगठनों का प्रदर्शन—‘या छोड़ा जाए गौरव चौहान, या थाने लाई जाए जिया चौधरी’

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। करणी सेना से जुड़े गौरव चौहान के समर्थन में शहर की सियासत और सड़कों पर उबाल देखने को मिला। विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर थाना सिविल लाइन पहुँचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि गौरव चौहान को तत्काल रिहा नहीं किया गया, तो समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जिया चौधरी को भी थाने में बैठाया जाए।
थाने के बाहर और भीतर माहौल उस समय और गरमा गया, जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। उन्होंने जिया चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ लिखित तहरीर सौंपी और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि एकतरफा कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि पुलिस ने निष्पक्ष रवैया नहीं अपनाया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
उधर, मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने भी गौरव चौहान के खिलाफ थाना सिविल लाइन में तहरीर दे दी। दोनों पक्षों की आमने-सामने की तहरीरों के बाद मामला पूरी तरह से सियासी और संवेदनशील बन गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए थाना परिसर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारी मौके पर डटे रहे और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीरों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, लेकिन हालात किसी भी समय बिगड़ सकते हैं, जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *