महावीर चौक पर सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी पर हमला, सरेराह गुंडई से उबाल, करणी सेना का प्रदेश सचिव हिरासत में

Spread the love


रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ़्फ़रनगर। शहर के दिल महावीर चौक पर शुक्रवार शाम राजनीति उस वक्त सड़कों पर उतर आई, जब समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष जिया चौधरी पर सरेआम जानलेवा हमला कर दिया गया। कैंडल मार्च में शामिल होकर लौट रहे जिया चौधरी पर करणी सेना भारत के प्रदेश सचिव गौरव चौहान ने अचानक धावा बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर भगदड़ मच गई और चौराहे पर तनाव की स्थिति बन गई।
घटना के समय महावीर चौक पर मौजूद थाना सिविल लाइन पुलिस ने हालात को बिगड़ने से पहले ही मोर्चा संभाल लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हमलावर गौरव चौहान को मौके से हिरासत में लिया और सरकारी वाहन से थाने ले गई। इसी दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़कर अपने जिलाध्यक्ष का घेरा बनाया और हमलावर को पीछे धकेल दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दिनदहाड़े हुए इस हमले के बाद सियासी गलियारों में भूचाल आ गया। घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के जिला मुख्यालय पर नेताओं और कार्यकर्ताओं की आपात बैठक बुलाई गई, जो देर रात तक जारी रही। बैठक में हमले को लोकतंत्र पर सीधा हमला बताते हुए कड़े विरोध की रणनीति बनाई जा रही है।
घटना को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। पार्टी नेताओं ने सवाल उठाया है कि आखिर खुलेआम राजनीतिक नेताओं पर हमले की हिम्मत कैसे की जा रही है और कानून-व्यवस्था कहां है। वहीं हालात की नजाकत को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
महावीर चौक की यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है, बल्कि आने वाले दिनों में जिले की राजनीति को और गरमा देने के संकेत भी दे रही है। शहर में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और हर राजनीतिक गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *