रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर,उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर जिले में छात्रों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। भर्ती में आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट की मांग को लेकर शुक्रवार को भोपा क्षेत्र में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने जुलूस निकालते हुए भोपा थाने पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सीओ भोपा को सौंपा और जल्द निर्णय न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

प्रदर्शन का नेतृत्व उड़ान भरो फाउंडेशन के संस्थापक अक्षित चौधरी ने किया। जुलूस के दौरान छात्र पुलिस भर्ती में आयु छूट लागू करने की मांग को लेकर नारेबाजी करते नजर आए। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में देरी के चलते हजारों अभ्यर्थी आयु सीमा से बाहर हो गए हैं, जबकि स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा तीन वर्ष की अतिरिक्त आयु छूट दिए जाने का आश्वासन सार्वजनिक मंच से दिया गया था।
छात्रों का आरोप है कि इसके बावजूद भर्ती बोर्ड द्वारा जारी किए गए विज्ञापन में आयु सीमा में किसी भी प्रकार की छूट का उल्लेख नहीं किया गया है, जिससे अभ्यर्थियों में भारी निराशा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ भोपा देवव्रत वाजपेई ने छात्रों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील की और ज्ञापन स्वीकार कर उसे उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक जशवीर सिंह और अपराध निरीक्षक नरेंद्र कुमार भी मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहे।
छात्रों ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस भर्ती में आयु सीमा में तीन साल की छूट उनका अधिकार है और इसे लागू कराना ही उनके आंदोलन का मुख्य उद्देश्य है।
