फतेहपुर में फिंगर चिप्स खाने से एक ही परिवार के 9 लोग अस्पताल में भर्ती

Spread the love

रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर। यूपी के फतेहपुर में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। यहां एक ही परिवार के 9 लोग बीमार हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी का इलाज चल रहा है।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक परिवार के जान पर बन आई। दरअसल, यहां शुक्रवार की शाम फिंगर चिप्स खाकर एक ही परिवार के 9 लोग बीमार हो गए। घटना से पूरे परिवार में जहां चीख-पुकार मच गई, तो वहीं ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सभी को आनन-फानन में सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां सभी का इलाज चल रहा है।
घर लौटते समय ठेले से लिया था।
जानकारी के अनुसार, थरियांव थाना के मलांव गांव के रहने वाले ज्ञान सिंह लोधी शुक्रवार की शाम परिवार की अमृता देवी, बड़की, ज्ञानमती, गायत्री, फूलदुलारी, सोनी, सुलोचना और मिथुन को साथ लेकर थाना क्षेत्र के ही अंबापुर गांव में रिश्तेदारी के एक निमंत्रण में गए थे। जहां से वापस घर लौट रहे थे, इसी दौरान शाम करीब 6:30 बजे उपरोक्त लोग रामपुर थरियांव गांव के पास स्थित तिराहे पर पहुंचे और सड़क किनारे ठेले में लगी फास्ट फूड की दुकान से आलू का फिंगर खरीद कर खा लिया।
घर पहुंचते ही शुरू हुईं उल्टियां
इसके बाद गांव के लिए चल पड़े। बताया जा रहा है कि जैसे ही यह सभी लोग घर पहुंचे, तो एक-एक करके सभी को उल्टियां शुरू हुईं और हालत बिगड़ गई। एक साथ सभी की अचानक हालत बिगड़ती देख आस-पड़ोस के लोग आनन-फानन में सभी को थरियांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां पर मौजूद डॉक्टरों ने भर्ती कर सभी का इलाज शुरू किया।
फूड प्वाइजनिंग के शिकार
चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर सौरभ जायसवाल ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग की वजह से उल्टियां शुरू हुईं। सभी की हालत बिगड़ गई थी। सभी लोगों का इलाज जारी है। फिलहाल हालत में सुधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *