रिपोर्ट – कबीर

खतौली। ब्लॉक सभागार में अखिल भारतीय प्रधान संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें ग्राम पंचायतों से जुड़े अनेक गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम दूधाहेड़ी के प्रधान अशोक राठी ने की, जबकि संचालन महामंत्री ओमवीर सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष) ने किया। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में ग्राम फुलत के प्रधान हाजी वसीम ने आरोप लगाया कि उनके गांव के एक युवक से कुछ लोगों द्वारा रंगदारी मांगी जा रही है। इस संबंध में रतनपुरी पुलिस को पहले ही शिकायती पत्र दिया गया है, जिसमें रंगदारी की शिकायत और विकास कार्यों में बाधा डालने के आरोप शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मामले में अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, जिससे प्रधानों में गहरा आक्रोश है।
संगठन ने इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रधान संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
बैठक में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठा कि केंद्र से आई ‘हाईड फंड’ की राशि पिछले वर्ष से अब तक जारी नहीं की गई है। इस कारण अनेक ग्राम पंचायतों के विकास कार्य अधूरे पड़े हैं। प्रधानों ने कहा कि विभागीय लापरवाही के चलते निर्माण कार्य बाधित हैं, जिन्हें शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
बैठक में जिला अध्यक्ष अशोक राकेश राणा, चयन सिंह, सुनील कुमार, दीपक चौधरी, प्रमोद कुमार, विश्वेश, शेषन सिंह, कुलदीप, जनेश्वर, जयपाल, याहियापुर के प्रधान साबू, तौसीफ प्रधान, यशपाल, रवियत्त, अरविंद प्रधान, सुंदर प्रधान और आलोक रेला सहित अनेक प्रधान मौजूद रहे।
संगठन ने निर्णय लिया कि अपनी मांगों को लेकर शीघ्र ही जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रधानों ने चेताया कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
