बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर बरसाई गोलियां, मचा हड़कंप — घायल की हालत गंभीर, मेरठ रेफर

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया गया कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। गोली लगने से दीपांशु पुत्र हरेन्द्र (उम्र करीब 35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा कारतूस और पिस्टल की मैगजीन बरामद की है। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया और मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस ने बताया कि बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। थानाक्षेत्र कोतवाली नगर के अन्तर्गत ग्राम सलेमपुर में यह घटना पुरानी रंजिश के चलते पारिवारिक विवाद का नतीजा बताई जा रही है। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुज़फ्फरनगर संजय कुमार वर्मा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारीगण के साथ मौके का निरीक्षण किया और अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने बताया कि घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है और घटना में प्रयुक्त हथियारों का भी पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोलीबारी की आवाज सुनते ही क्षेत्र में भगदड़ मच गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *