Homeउत्तर प्रदेशमुजफ्फरनगर में विकास, कानून व्यवस्था और योजनाओं पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने...

मुजफ्फरनगर में विकास, कानून व्यवस्था और योजनाओं पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने की समीक्षा

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने शनिवार को मुजफ्फरनगर पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक की और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ त्वरित और निष्पक्ष तरीके से मिले, वहीं पिछड़े वर्ग के लोगों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

बैठक में एसएसपी, एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई। मंत्री ने जिलाधिकारी और एसएसपी को निर्देश दिए कि आम जनता को विकास योजनाओं का लाभ मिले, कानून व्यवस्था मजबूत रहे और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए।

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर साधा निशाना

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन को लेकर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि दोनों दलों का गठबंधन सिद्धांतों और विचारधाराओं के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकारों के दौरान प्रदेश में तुष्टिकरण की राजनीति, दंगे, अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ा। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि जनपद ने सपा सरकार के कार्यकाल में काफी नुकसान और मुश्किलें झेली हैं। दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता एनडीए को फिर आशीर्वाद देगी।

सपा के घोषणा पत्र पर जनता को भरोसा नहीं

महिला पेंशन और पेपर लीक कानून को लेकर समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर सवाल पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि सपा की सरकारों का कार्यकाल जनता देख चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में नकल, भ्रष्टाचार, परिवारवाद और नौकरियों में अनियमितताएं हावी थीं। ऐसे में समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर जनता भरोसा नहीं करेगी।

जनभावनाओं के आधार पर बनेगा भाजपा का संकल्प पत्र

भाजपा के चुनावी मुद्दों और संकल्प पत्र को लेकर मंत्री ने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं, भावनाओं और अपेक्षाओं को समझेगा। इसके बाद जनता के मुद्दों के आधार पर संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा।

किसानों, मजदूरों और युवाओं पर रहेगा फोकस

मुजफ्फरनगर को मिठास और गन्ने का जिला बताते हुए नरेंद्र कश्यप ने कहा कि जनपद के किसानों को गन्ने का बेहतर मूल्य मिले, मजदूरों की आय बढ़े और युवाओं को समय पर शिक्षा, रोजगार व स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों, यह प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने और जिले को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments