Homeउत्तर प्रदेशमेले की भीड़ में बिछड़ीं दो मासूम, पुलिस ने चंद मिनटों में...

मेले की भीड़ में बिछड़ीं दो मासूम, पुलिस ने चंद मिनटों में परिजनों से मिलाया

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शुक्रताल में कार्तिक पूर्णिमा मेले की भारी भीड़ के बीच परिजनों से बिछड़ीं दो मासूम बच्चियों को मेला कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की सक्रियता से दोनों बच्चियों को जल्द ही उनके परिजनों से मिला दिया गया। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।

24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच हरियाणा निवासी पांच वर्षीय बच्चा और मुजफ्फरनगर निवासी नौ वर्षीय बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गए। दोनों के लापता होने की सूचना मिलते ही मेला कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। मेले में तैनात पुलिसकर्मियों को तत्काल बच्चों की तलाश में लगाया गया।

पुलिस टीमों ने मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की। श्रद्धालुओं और दुकानदारों से जानकारी जुटाकर बच्चों की पहचान और उनके परिजनों तक पहुंचने के प्रयास किए गए। पुलिस की सतर्कता, आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों बच्चों को सकुशल खोज लिया गया।

आवश्यक पुष्टि के बाद बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने मुजफ्फरनगर पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।

पुलिस ने की अभिभावकों से अपील

कार्तिक पूर्णिमा मेले में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस ने श्रद्धालुओं और अभिभावकों से छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। बच्चों को भीड़ में अकेला न छोड़ने, उनके पास अभिभावकों का नाम, मोबाइल नंबर और पता लिखी पर्ची रखने तथा बिछड़ने पर पुलिसकर्मी या पुलिस सहायता केंद्र से मदद लेने की सलाह दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments