रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन्स में साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट और ड्यूटी के प्रति सजग रखने के उद्देश्य से दौड़ एवं विभिन्न प्रकार के शारीरिक व्यायाम कराए गए।
एसपी ने परेड में अनुशासन, एकरूपता और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने के निर्देश देते हुए पुलिसकर्मियों से ड्रिल का अभ्यास भी कराया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने परिवहन शाखा पहुंचकर थानों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ डायल-112 पीआरवी वाहनों की स्थिति का जायजा लिया। वाहनों में मिली कमियों को तत्काल दूर कराने और उनके उचित रखरखाव के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में डायल-112 कार्यालय, आवासीय परिसर, बैरक, सीपीसी कैंटीन, मंदिर, भोजनालय और आर्मरी का भी निरीक्षण किया गया। साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और अभिलेखों की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वहीं, एसपी ने पुलिसकर्मियों का अर्दली रूम कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन्स/मऊ फहद अली, प्रतिसार निरीक्षक राम शीष यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

