रिपोर्ट – विजय प्रताप गुप्ता
बहराइच। जिले के थाना पयागपुर अंतर्गत खुटेहना चौकी क्षेत्र में लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दौरान चोरों के हौसले बुलंद नजर आए। बाजार में सब्जी खरीदने आए एक ग्रामीण की बाइक को अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े चुरा लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली तथा सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित ग्रामीण अपनी मोटरसाइकिल को लॉक करके खुटेहना बाजार में सब्जियां और घरेलू सामान खरीदने आया था। उसने बाइक को एक जगह खड़ा किया और खरीदारी के लिए बाजार के भीतर चला गया। इसी बीच, भीड़भाड़ का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने बाइक का लॉक तोड़कर उस पर हाथ साफ कर दिया जब पीड़ित वापस अपनी मोटरसाइकिल के पास लौटा, तो वहां से वाहन गायब मिला। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब बाइक का कोई सुराग नहीं लगा, तो पीड़ित ने स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। ग्रामीणों का कहना है कि साप्ताहिक बाजारों के दिन भारी भीड़ होती है, जिसके बावजूद पुलिस चौकी के पास इस तरह की चोरियां होना पुलिस की सुस्त गस्त और लचर सुरक्षा व्यवस्था को उजागर करता है। दिनदहाड़े इस प्रकार की वारदातों से आम जनता और दुकानदारों में असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर बाइक की बरामदगी की जाए और साप्ताहिक बाजारों के दिनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

