रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। खालापार थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों के खिलाफ अभियान चलाते हुए पांच वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सुजडू की कुंगर पट्टी और बबली बर्फखाने के पास अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। हालांकि, गिरफ्तार किए गए दो अभियुक्तों के परिजनों की ओर से न्यायालय के वारंट रिकॉल आदेश प्रस्तुत किए जाने पर उन्हें मौके पर ही छोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को चलाए गए अभियान में उवेश और कैफ उर्फ राहिब निवासी कुंगर पट्टी सुजडू को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ खालापार थाने में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 74, 115(2) और 352 के तहत न्यायालय से वारंट जारी थे।
इसके अलावा नौमान पुत्र इरशाद निवासी कुंगर पट्टी सुजडू को एनआई एक्ट से संबंधित मामले में जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया। वहीं, जीशान उर्फ खुदरा निवासी बबली बर्फखाने के पास एटीएम वाली गली और मसरूर राणा निवासी कुंगर पट्टी सुजडू के खिलाफ भी न्यायालय से वारंट जारी थे।
पुलिस के मुताबिक, जीशान और मसरूर के परिजनों ने न्यायालय से जारी वारंट रिकॉल के आदेश पुलिस को दिखाए। दस्तावेजों की पुष्टि के बाद दोनों को मौके पर ही छोड़ दिया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मयंक प्रताप सिंह, रजनीश बाबू, लोकेन्द्रपाल सिंह, महेन्द्र प्रताप सिंह समेत हेड कांस्टेबल गिरेन्द्र सिंह, राहुल कुमार तथा कांस्टेबल राहुल कुमार, सौरभ गौर, अनिल कुमार और स्वतंत्र प्रताप सिंह शामिल रहे।
