Homeउत्तर प्रदेशकार बनी आग का गोला, छह युवाओं की जिंदा जलकर मौत

कार बनी आग का गोला, छह युवाओं की जिंदा जलकर मौत

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा मार्ग पर जागाहेड़ी टोल प्लाजा के पास सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने छह परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। फ्लाईओवर पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराने के बाद हुंडई औरा कार में आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। हादसे में कार सवार छह युवाओं की दर्दनाक मौत हो गई। सभी हरियाणा के हांसी क्षेत्र के रहने वाले थे।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह पानीपत की ओर से आ रही हुंडई औरा कार जागाहेड़ी टोल प्लाजा के पास फ्लाईओवर पर पहुंची तो अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर और फिर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार दूसरी तरफ जाकर पलट गई। इसके बाद कार में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस, दमकल विभाग और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने कार में सवार छह लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान हरियाणा के हांसी क्षेत्र के गांव राखी खास और मोठ निवासी अंकित, अजय, अमन, अनुज, साहिल और अंकित के रूप में हुई।

हादसे की सूचना पर एसएसपी सूरज कुमार राय पुलिस बल के साथ मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना देकर शवों के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई। हादसे के कारणों की जांच के लिए संबंधित टीमें जुटी रहीं।

मोर्चरी पहुंचे राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, परिजनों को बंधाया ढांढस

हादसे में छह युवाओं की मौत की खबर से जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने दिवंगत युवाओं के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया।

राज्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और सभी प्रशासनिक कार्यवाही संवेदनशीलता एवं तत्परता से पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक ही हादसे में छह युवाओं का असमय दुनिया से चले जाना बेहद पीड़ादायक है। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है। दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

सीएमओ ने जताया शोक, जल्द पोस्टमार्टम कराने के निर्देश

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने छह युवाओं की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। सीएमओ ने संबंधित चिकित्सकों और अधिकारियों को सभी छह शवों का पोस्टमार्टम प्राथमिकता के आधार पर जल्द कराने के निर्देश दिए, ताकि परिजनों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments