रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। शनिवार को एसपी सिटी अमृत जैन ने पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की सक्रियता से बाजारों में सुरक्षा का संदेश दिया गया।
एसपी सिटी अमृत जैन ने शिव चौक, भगत सिंह रोड, सर्राफा चौक सहित प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल के साथ भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा इंतजामों को परखा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने तथा लगातार गश्त करने को कहा। एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दीपावली पर बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और त्योहार को आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराना है।
