Homeउत्तर प्रदेशकैम्पा फैक्ट्री पहुंचे एमबीए के छात्र, उत्पादन से लेकर गुणवत्ता तक की...

कैम्पा फैक्ट्री पहुंचे एमबीए के छात्र, उत्पादन से लेकर गुणवत्ता तक की बारीकियां समझीं

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। किताबों में प्रबंधन के सिद्धांत पढ़ने वाले एमबीए के विद्यार्थियों ने अब औद्योगिक इकाई में पहुंचकर उत्पादन और प्रबंधन की वास्तविक कार्यप्रणाली को करीब से समझा। श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंधन विभाग की ओर से पुरकाजी स्थित भारतीय बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड (कैम्पा) में औद्योगिक भ्रमण कराया गया। यहां विद्यार्थियों को पेय पदार्थों के उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण और औद्योगिक प्रबंधन की बारीकियों से रूबरू कराया गया।

औद्योगिक भ्रमण के लिए रवाना होने से पहले प्रबंधन विभाग के डीन डॉ. सौरभ मित्तल ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली को समझना भी प्रबंधन शिक्षा का अहम हिस्सा है। ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों को पता चलता है कि किसी उद्योग में विभिन्न विभाग किस तरह आपसी तालमेल और बेहतर प्रबंधन के साथ काम करते हैं।

विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को व्यावहारिक और तकनीकी जानकारी देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। स्थानीय उद्योगों से परिचित कराने का उद्देश्य युवाओं को भविष्य में नए उद्योग और व्यावसायिक इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रेरित करना भी है।

उत्पादन और गुणवत्ता की समझी प्रक्रिया

फैक्ट्री में भारतीय बेवरेजेज के जनरल मैनेजर योगेश शर्मा और मानव संसाधन प्रबंधक रणवीर सिंह ने विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रबंधन की कार्यप्रणाली समझाई। बिजनेस हेड अमित जैन ने उत्पादन और गुणवत्ता मानकों की जानकारी दी। वहीं यूनिट के प्रोडक्शन मैनेजर अनुभव सोलंकी और सुनील सैनी ने उत्पादन प्रक्रिया और उससे जुड़ी तकनीकी जानकारियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रक्रियाओं को समझने के साथ सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब दिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. चित्रा श्रीवास्तव ने किया। भ्रमण को सफल बनाने में डॉ. राजीव रावल, निवेदिता चतुर्वेदी, अतुल रघुवंशी, सोमनाथ भट्टाचार्य, राधिका धमिजा और रितिका माहेश्वरी का विशेष योगदान रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments