निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का प्रभावी पर्यवेक्षण एवं समन्वय सुनिश्चित करें: एडीएम
रिपोर्ट – संदीप वर्मा
बाराबंकी। आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से डीआरडीए स्थित गांधी सभागार में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी निरंकार सिंह द्वारा निर्वाचन हेतु तैनात सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करने तथा अपने निर्धारित क्षेत्रों में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करें तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखें।
उन्होंने निर्देशित किया कि निर्वाचन के दौरान सभी अधिकारी अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ निर्वहन करें। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी समस्या अथवा व्यवधान की स्थिति में तत्काल निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
प्रशिक्षण में सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को उनके कार्यों एवं उत्तरदायित्वों, मतदान केंद्रों के निरीक्षण, मतदान प्रक्रिया के पर्यवेक्षण, निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के समयबद्ध आदान-प्रदान तथा आवश्यक रिपोर्टिंग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्वाचन के दौरान सतत निगरानी रखते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित कराएं, जिससे विधान परिषद निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
