रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर में आयोजित मंडल स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में एसडी गर्ल्स गांधी कॉलोनी की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लोकनृत्य में पहला स्थान समेत कई पदक हासिल किए।
संगीत शिक्षिका दीपा सोनी के नेतृत्व में एसडी गर्ल्स गांधी कॉलोनी की छात्राओं ने प्रतियोगिता की विभिन्न विधाओं में प्रतिभाग किया। लोकनृत्य समूह वर्ग में नंदिनी, खुशी, तनिष्का और तमन्ना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शास्त्रीय नृत्य एकल वर्ग में अवनी सिंघल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। संगीत वादन एकल वर्ग में भी एसडी गर्ल्स की छात्रा ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
अन्य विधाओं में राजकीय इंटर कॉलेज के वंश ने स्थापत्य कला में द्वितीय, डीएवी के तेजस ने कला में प्रथम तथा एसडी कन्या झांसी की रानी की छात्राओं ने नाटक में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। ये प्रतिभागी प्रयागराज में आयोजित राज्य स्तरीय कला उत्सव में मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं और शिक्षिका को उपलब्धि के लिए बधाई दी गई।
