बेतवा पुल की एक लेन महीनेभर में शुरू होने की उम्मीद, यमुना के पांच स्पैन पूरे
रिपोर्ट – हरीश राज चक्रवर्ती
हमीरपुर। शहर को भारी वाहनों के जाम से राहत दिलाने वाली ₹302 करोड़ की बाईपास परियोजना की रफ्तार बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी अशोक कुमार ने रविवार को निर्माणाधीन बेतवा और यमुना पुलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की भौतिक प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शेष काम न्यूनतम समय में पूरा कराने के सख्त निर्देश दिए।
बेतवा नदी पर दोनों लेन में कुल 26 स्पैन बनाए जाने हैं। इनमें एक लेन के सभी 13 स्पैन का निर्माण पूरा हो चुका है। पीडब्ल्यूडी के करीब एक माह के अवशेष कार्य को तेजी से पूरा कराए जाने पर इस लेन पर महीनेभर में यातायात शुरू होने की स्थिति बन सकती है।
वहीं यमुना नदी पर दोनों तरफ 16-16, कुल 32 स्पैन बनने हैं। अब तक एक तरफ के पांच स्पैन पूरे हो चुके हैं। डीएम ने शेष स्पैन और समानांतर लेन के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। सेतु निगम ने परियोजना को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन देरी को देखते हुए अब उपलब्ध संसाधनों और मैनपावर का प्रभावी इस्तेमाल कर काम जल्द पूरा कराने को कहा गया।
डीएम ने निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सेफ्टी इंजीनियरों की नियमित निगरानी, सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य इस्तेमाल और मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच के साथ थर्ड-पार्टी क्वालिटी जांच कराने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान एनएच-34 और यमुना पुल के पहुंच मार्गों पर गड्ढों की स्थिति की भी समीक्षा हुई। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को चिह्नित सभी गड्ढे एक माह के भीतर ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना में लापरवाही, अनावश्यक विलंब या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस दौरान सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर दिलीप कुमार, उप परियोजना प्रबंधक (डीपीएम), सूचना अधिकारी सतीश कुमार समेत संबंधित अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
