रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। बाल संप्रेक्षण गृह में रह रहे किशोरों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य को लेकर पुलिस-प्रशासन ने व्यवस्थाओं की पड़ताल की। पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण कर साफ-सफाई से लेकर भोजन, स्वास्थ्य, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही किशोरों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। किशोरों की ओर से बताई गई आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को नियमानुसार सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी जरूरतों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सुरक्षा और अनुशासन पर जोर
पुलिस अधीक्षक अपराध ने बाल संप्रेक्षण गृह में अनुशासन, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां रह रहे किशोरों को सुरक्षित, स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण मिलना प्राथमिकता है। उन्हें बेहतर माहौल और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन, जिला प्रोबेशन अधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
