रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। भोपा नहर पुल के पास देर रात पुलिस की चेकिंग में एक युवक तमंचे के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना भोपा प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बृहस्पतिवार रात संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। रात करीब 11 बजे भोपा नहर पुल से बेहड़ा की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस मिले।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सुधीर कुमार पुत्र रविन्द्र निवासी ग्राम रानी का बसेरा, थाना छपार, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। हथियार बरामद होते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ थाना भोपा में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में संदिग्ध लोगों और वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आकाश शर्मा और थाना भोपा पुलिस टीम शामिल रही।
