रिपोर्ट – शारिक खान
रामपुर। उच्च न्यायालय इलाहाबाद और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ‘Mediation for Nation 3.0’ अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएलएसए के सचिव श्री संदीप सिंह ने बताया कि माननीय मुख्य न्यायाधीश द्वारा आयोजित बैठक में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया है। इसके साथ ही माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के माध्यम से प्राप्त निर्देशों के तहत इस राष्ट्रव्यापी अभियान को जनजन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया है।
सचिव ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग को मध्यस्थता (Mediation) के लाभों के प्रति जागरूक करना है, ताकि लोग अदालती चक्करों से बचकर आपसी सहमति से अपने विवादों का त्वरित निपटारा कर सकें। उन्होंने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेशों का पूरी तरह से पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इस अभियान के तहत होने वाली हर गतिविधि और जागरूकता कार्यक्रमों की रिपोर्ट समय-समय पर उच्च न्यायालय और राज्य प्राधिकरण को प्रेषित की जाएगी।
