Homeउत्तर प्रदेशपशुओं के टीकाकरण का सत्यापन कर पशुपालकों को किया जागरूक, अपर निदेशक...

पशुओं के टीकाकरण का सत्यापन कर पशुपालकों को किया जागरूक, अपर निदेशक ने मिलक और चमरौआ के गांवों का भ्रमण कर जानी टीकाकरण की स्थिति

रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए अपर निदेशक ग्रेड-2, पशुपालन विभाग, मुरादाबाद मंडल, डॉ. जगदीश प्रसाद ने जनपद के विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने विकासखंड मिलक की ग्राम पंचायत मेहतीनगर व मेघानगला तथा चमरौआ के ग्राम चिकना व बिजइयां में पहुंचकर लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडीओ), खुरपका-मुंहपका और एचएस टीकाकरण समेत पशुपालन विभाग की अन्य योजनाओं का स्थलीय सत्यापन किया।
अपर निदेशक ने टीकाकरण टीम के रजिस्टरों का मिलान किया और पशुपालकों के घर जाकर पशुओं के टीकाकरण की स्थिति की जांच की। उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सत्यापन के दौरान टीकाकरण कार्य सुचारु रूप से संचालित पाया गया।
इस दौरान मेघानगला, चिकना और बिजइयां में जन-जागरूकता शिविर भी लगाए गए। शिविरों में पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षणों, बचाव और संक्रमण को फैलने से रोकने के उपायों की जानकारी दी गई। डॉ. जगदीश प्रसाद ने कहा कि समय पर टीकाकरण, साफ-सफाई और पशुओं की नियमित निगरानी से बीमारी के खतरे को कम किया जा सकता है। उन्होंने पशुपालकों से अपने पशुओं का टीकाकरण कराने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सालय को सूचना देने की अपील की।
उन्होंने बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने, प्रभावित क्षेत्रों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने और ग्रामों में फॉगिंग कराने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजीत सिंह व डॉ. नौशाद अहमद, टीकाकरण टीम के सदस्य, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments