Homeउत्तर प्रदेशकांवड़ यात्रा को लेकर एडीजी का मेगा निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं...

कांवड़ यात्रा को लेकर एडीजी का मेगा निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश

रिपोर्टर: कबीर

स्थान: मुजफ्फरनगर

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया जायजा

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक (मेरठ जोन) भानु भास्कर, पुलिस उपमहानिरीक्षक (सहारनपुर परिक्षेत्र) अभिषेक सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रमुख कांवड़ मार्गों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना नई मंडी, मंसूरपुर, खतौली, खालापार और कोतवाली नगर क्षेत्र से गुजरने वाले कांवड़ मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान खतौली गंग नहर, बागोवाली कट, भैंसी कट, शिव चौक, मीनाक्षी चौक, रामपुर तिराहा तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-58 के प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई।

शिव चौक पर सुरक्षा व्यवस्था की विशेष समीक्षा

शिव चौक, जहां प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं, वहां अधिकारियों ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की आवाजाही के इंतजामों का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

भीड़ प्रबंधन और आपदा तैयारियों पर जोर

एडीजी भानु भास्कर ने संभावित श्रद्धालुओं की संख्या, रूट डायवर्जन, भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं, एंबुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि उत्तराखंड पुलिस और पड़ोसी जनपदों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

सीसीटीवी और सूचना बोर्ड रखने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूरे कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, दिशा-सूचक एवं चेतावनी बोर्ड स्पष्ट रूप से लगाने तथा यातायात व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और प्रत्येक व्यवस्था का पूर्व परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।

कई अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी नई मंडी, क्षेत्राधिकारी खतौली सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments