ब्यूरो: कबीर
मुजफ्फरनगर। ऑपरेशन मुस्कान के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए हरदोई से लापता हुई एक नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसे कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद हरदोई पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई से परिजनों को बड़ी राहत मिली।
जानकारी के अनुसार, हरदोई जनपद के थाना कोतवाली सिटी क्षेत्र स्थित पिहानी चुंगी, रद्देपुरा रोड निवासी संजय गुप्ता ने अपनी नाबालिग पुत्री के 18 जून 2026 से लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। काफी तलाश के बाद भी बालिका का पता नहीं चलने पर हरदोई पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में मामले में मुकदमा संख्या 465/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान 24 जून 2026 को चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से नाबालिग बालिका मुजफ्फरनगर में बरामद हुई। सुरक्षा और पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए उसे बाल कल्याण समिति (न्यायपीठ), मुजफ्फरनगर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के आदेश पर आगे की प्रक्रिया पूरी होने तक बालिका को वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित रखा गया।
बालिका के मुजफ्फरनगर में मिलने की सूचना मिलने पर हरदोई पुलिस की टीम, जिसमें उपनिरीक्षक के.के. यादव और महिला आरक्षी भावना चौबे शामिल थीं, मुजफ्फरनगर पहुंची। बाल कल्याण समिति के आदेश तथा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालिका को सकुशल हरदोई पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों से मिलाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और पुनर्वास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
