रिपोर्ट: सुदेश वर्मा
बागपत। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में मिलावटी एवं मानकविहीन खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय डी.पी. सिंह के निर्देश पर बड़ौत क्षेत्र में छापेमारी के दौरान टीम ने 112 लीटर टोमेटो सॉस को नष्ट कर दिया तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों के पांच नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञदत्त आर्य एवं निधि रानी की टीम ने बड़ौत में अभियान चलाकर संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जांच की। कार्रवाई के दौरान एगलेस मेयोनेज़, टोमेटो सॉस, नींबू अचार, दूध और टोमेटो केचप के कुल पांच नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर 112 लीटर टोमेटो सॉस को मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर नष्ट कर दिया। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा जनपद में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
