जनगणना-2027 के प्रथम चरण का कार्य आज ही पूरा करने के निर्देश, रात 12 बजे तक समय सीमा निर्धारित
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जनगणना कार्य की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान विकासखंड कांट क्षेत्र में जनगणना कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने शिक्षामित्र राम रानी के विरुद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों का जनगणना संबंधी कार्य अभी शेष है, वे इसे हर हाल में मंगलवार रात्रि 12 बजे तक पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाना अनिवार्य है।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराया जाए। साथ ही आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने और फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है। इसलिए इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी, गंभीरता और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न किया जाना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला गणना अधिकारी अरविंद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
