Homeउत्तर प्रदेशफिट इंडिया: 'संडेज़ ऑन साइकिल' से दौड़ी सेहत की रफ्तार, युवाओं ने...

फिट इंडिया: ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ से दौड़ी सेहत की रफ्तार, युवाओं ने दिया हरित भविष्य का संदेश

विश्व साइकिल दिवस पर निकली भव्य साइकिल रैली, खिलाड़ियों और स्वयंसेवकों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

ब्यूरो: कबीर

मुजफ्फरनगर। स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार सुबह चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम से “फिट इंडिया: संडेज़ ऑन साइकिल” कार्यक्रम के तहत भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस रैली में युवाओं, खिलाड़ियों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए फिट इंडिया अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की।

खेल अनुभाग उत्तर प्रदेश शासन एवं खेल निदेशालय लखनऊ के निर्देशानुसार जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में जिला खेल कार्यालय द्वारा प्रातः छह बजे रैली का शुभारंभ कराया गया। प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव और डॉ. राजीव कुमार ने स्वयं साइकिल चलाकर रैली को रवाना किया।

स्टेडियम के मुख्य द्वार से शुरू हुई रैली मुजफ्फरनगर-मेरठ रोड स्थित सुजडू चुंगी तक पहुंची और वहां से वापस स्टेडियम परिसर में आकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।

प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव ने कहा कि साइकिल चलाना केवल एक शौक नहीं, बल्कि स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली का प्रतीक है। इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति स्वयं को शारीरिक रूप से फिट रख सकता है।

वहीं डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि साइकिल का उपयोग प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह विकसित, स्वस्थ और स्वच्छ भारत के निर्माण की दिशा में एक प्रभावी कदम है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व साइकिल दिवस “हरित भविष्य के लिए साइकिल चलाना” थीम के साथ मनाया गया, जिसका उद्देश्य कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में कुश्ती प्रशिक्षक प्रदीप कुमार, कबड्डी प्रशिक्षक संजीव कुमार, वुशु प्रशिक्षक मनीष कुमार, अप्रेंटिस हॉकी प्रशिक्षक अंकुर कुमार सहित वरिष्ठ खिलाड़ी दिनेश, भावना और अनिल उपस्थित रहे। यातायात पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक हेम सिंह और आरक्षी अनुज कुमार ने भी आयोजन में सहयोग किया।

रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सूक्ष्म जलपान कराया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments