रिपोर्ट: सन्दीप वर्मा
लोकेशन: बाराबंकी
बाराबंकी के बहुप्रतीक्षित बंकी रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। पूर्व सांसद डॉ. उपेन्द्र सिंह रावत ने दिल्ली पहुंचकर उत्तर रेलवे के अधिकारियों से मुलाकात की और निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई।
बताया गया कि 27 मई 2026 को दिल्ली में डॉ. उपेन्द्र सिंह रावत ने उत्तर रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्याम सिंह से मुलाकात कर बंकी रेलवे ओवरब्रिज परियोजना की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
निर्माण में देरी का पूछा कारण
पूर्व सांसद ने अधिकारियों से सवाल किया कि लंबे समय से प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अब तक शुरू क्यों नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को जाम और आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
डॉ. उपेन्द्र सिंह रावत ने अधिकारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह करते हुए कहा कि जनता लंबे समय से इस परियोजना का इंतजार कर रही है।
एनओसी मिलने के बाद रास्ता साफ
मुलाकात के दौरान उत्तर रेलवे के अधिकारियों ने जानकारी दी कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले रक्षा मंत्रालय और उत्तर प्रदेश सरकार से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) लेना जरूरी था।
अधिकारियों के अनुसार अब दोनों स्तरों से आवश्यक एनओसी प्राप्त हो चुकी है, जिससे परियोजना के आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के दिए निर्देश
डॉ. उपेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि उनके सामने ही संबंधित अधिकारी को फोन कर टेंडर प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि अब जल्द ही बंकी रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी और लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
लोगों को जाम से मिलेगी राहत
स्थानीय लोगों का कहना है कि बंकी रेलवे क्रॉसिंग पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम नागरिकों, छात्रों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
रेलवे ओवरब्रिज बनने के बाद यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों का समय भी बचेगा।
विकास कार्यों को लेकर सक्रियता
पूर्व सांसद डॉ. उपेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
इस खबर के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित बंकी रेलवे ओवरब्रिज परियोजना अब जल्द धरातल पर दिखाई देगी।
