ब्यूरो रिपोर्ट: कबीर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिशों के बीच समाजवादी पार्टी ने सिख समाज और पीडीए वोट बैंक को साधने के लिए अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को सपा के राष्ट्रीय सचिव Kuldeep Singh Bhullar ने मीरापुर क्षेत्र में “सिख समाज सामाजिक न्याय यात्रा” और पीडीए पंचायत कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
कार्यक्रमों के दौरान जगह-जगह स्वागत हुआ, गुरुद्वारों में सभाएं आयोजित की गईं और भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए गए।
रामराज नहर पुल पर हुआ स्वागत
समाजवादी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन के अनुसार, प्रदेशभर में चल रही सिख समाज सामाजिक न्याय यात्रा के तहत कुलदीप सिंह भुल्लर अपने समर्थकों के साथ रामराज नहर पुल पहुंचे।
यहां मीरापुर विधानसभा अध्यक्ष सादिक चौहान और सपा नेता सरदार प्रेमपाल सिंह के नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष चौधरी अजय कुमार, विधानसभा उपाध्यक्ष विकास यादव, जिला सचिव ठाकुर राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गुरुद्वारों और पंचायतों में जुटी भीड़
इसके बाद ग्राम अहमदवाला में सरदार प्रेमपाल सिंह के आवास और ग्राम जमालपुर स्थित गुरुद्वारे में पीडीए पंचायत एवं सिख समाज सामाजिक न्याय यात्रा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
सभा को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह भुल्लर ने भाजपा सरकार पर समाज में नफरत फैलाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में भाईचारे की राजनीति को कमजोर किया जा रहा है तथा पीडीए वर्ग और सिख समाज के अधिकारों तथा आरक्षण पर लगातार चोट की जा रही है।
भुल्लर ने कहा कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए समाज को बांटने की राजनीति कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि यदि पीडीए और सिख समाज को अपने अधिकार सुरक्षित रखने हैं तो आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत करना होगा।
नेताओं ने भी रखे विचार
कार्यक्रम का संचालन विधानसभा अध्यक्ष सादिक चौहान ने किया, जबकि अध्यक्षता ठाकुर राजेंद्र सिंह और सरदार सतनाम सिंह ने संयुक्त रूप से की।
सभा में प्रदेश सचिव सरदार अमर सिंह, चौधरी अजय कुमार, सरदार चरणजीत खेरा, सरदार हरविंदर सिंह फौजी और सरदार प्रेमपाल सिंह समेत कई नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में शुभम गुर्जर, सरदार कमल सिंह, सरदार दलविंदर सिंह, सरदार हरजीत सिंह, सरदार रुपिंदर सिंह, सरदार बघेल सिंह, सरदार जोग सिंह, सरदार देवेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, रमेश कुमार चौधरी, रघुवीर सिंह, नरेंद्र सिंह और सरदार सेवा सिंह समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
